हल्द्वानी में इंजेक्शन ओवरडोज से 23 वर्षीय युवक की मौत, परिवार का इकलौता सहारा बुझा

Share the News

हल्द्वानी में नशे का दंश एक और परिवार पर भारी पड़ गया। पीलीकोठी स्थित खंडहर में 23 वर्षीय युवक शुभ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसकी वजह नशे के इंजेक्शन का ओवरडोज बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुसुमखेड़ा हरीपुर नायक भूमिया विहार फेस-2 में किराए पर रहने वाली एक महिला अपने बेटे शुभ और दो बेटियों के साथ रहती है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी महिला के कंधों पर है, जो घरों में काम कर किसी तरह गुजर-बसर करती है। शुभ, जो कि दोनों बहनों में सबसे छोटा और घर का इकलौता बेटा था, दिल्ली की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और एक सप्ताह पहले ही हल्द्वानी आया था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को शुभ घर से घूमने निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद वह पीलीकोठी क्षेत्र के एक खंडहर में अचेत अवस्था में मिला। परिजन तुरंत उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, शुभ की मौत करीब चार घंटे पहले ही हो चुकी थी।

शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इकलौते बेटे की मौत ने मां और बहनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते नशे के खतरे को उजागर करती है, जिस पर रोक लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

See also  हल्द्वानी से लालकुआं के बीच हाईवे में दो बाइकों में सवार परिवारों से हजारों की लूटपाट
error: Content is protected !!