मुख्यमंत्री धामी की अपील का दिखा असर, नैनीताल जिले में मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही अदा हुई बकरीद की नमाज
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कुशल प्रबंधन और आपसी सहयोग से शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया पर्व
नैनीताल। बकरीद का पर्व इस बार सौहार्द, अनुशासन और आपसी सहयोग की नई मिसाल बनकर सामने आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेशभर में सड़कों के बजाय मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही नमाज अदा करने की अपील का जिले में व्यापक असर देखने को मिला।
मुख्यमंत्री की अपील को सफल बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील और प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशन में पुलिस प्रशासन ने मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और धर्मगुरुओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखा।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम रहा कि जिलेभर में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण, गरिमामय और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।
हल्द्वानी के बनभूलपुरा, रामनगर, नैनीताल समेत पूरे जिले में मुस्लिम समुदाय ने सड़कों के बजाय केवल मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में कुछ क्षेत्रों में सड़कों पर नमाज अदा किए जाने की स्थिति बनती थी, लेकिन इस बार प्रशासन, पुलिस और समाज के आपसी सहयोग से अनुशासन और व्यवस्था की नई तस्वीर देखने को मिली।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में किए गए कुशल प्रबंधन और पुलिस की सतर्क व्यवस्था के चलते नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

