नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर बड़ा हादसा टला, पर्यटकों से भरी टवेरा गहरी खाई में गिरी

SDRF, पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाई 7 जिंदगियां

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ज्यूलिकोट स्थित एक नंबर बैंड के पास पर्यटकों से भरी एक टवेरा टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, ज्यूलिकोट पुलिस और स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी सात पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार टवेरा टैक्सी (संख्या UK04 TA 3876) सात पर्यटकों को लेकर नैनीताल से हल्द्वानी की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे ज्यूलिकोट के एक नंबर बैंड के पास अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक मनोज रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ज्यूलिकोट पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से छह यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं एक अन्य यात्री खाई में फंसा हुआ था, जिसे विषम परिस्थितियों के बीच सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ज्यूलिकोट थाना के एसएसआई विमल मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि समय पर शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल पुलिस घायलों और पर्यटकों की पहचान करने में जुटी हुई है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

See also  मानव शर्मा सुसाइड : 'शादी से पहले का मेरा पास्ट जान चुके थे' इसलिए चुनी मौत...TCS मैनेजर की पत्नी की व्हाट्सएप चैट से खुलासा
error: Content is protected !!