रानीखेत में उत्तराखंड ओलम्पिक संघ अध्यक्ष महेश नेगी की प्रेस वार्ता।
प्रदेश को मिली पहली और देश की 11वीं स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रानीखेत के अल्का होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी ने प्रदेश में स्थापित पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के गोलापार में स्थापित खेल विश्वविद्यालय उत्तराखंड की खेल अधोसंरचना को नई दिशा देने के साथ ही प्रदेश को आने वाले समय में देश का प्रमुख ‘स्पोर्ट्स हब’ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महेश नेगी ने बताया कि गोलापार, हल्द्वानी में स्थापित यह प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय है और देश की कुल 11वीं स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के रूप में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के माध्यम से खिलाड़ियों को खेलों से जुड़ी उच्च शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और उच्च स्तरीय कोचिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, लेकिन उचित प्रशिक्षण, संसाधन और मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा सकती है।
राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को बताया बड़ी उपलब्धि
उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि रही है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर के इस बड़े खेल आयोजन की मेजबानी की, जो इससे पहले उत्तराखंड में कभी नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पड़ोसी कई बड़े राज्यों में भी अभी तक राष्ट्रीय खेलों का आयोजन नहीं हुआ है, जबकि उत्तराखंड ने इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराकर अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड ओलंपिक संघ लगातार विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रहा है।
बड़े स्टेडियमों के लिए जमीन उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती
द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर महेश नेगी ने कहा कि बड़े स्टेडियम और बड़े खेल आयोजन कराना उत्तराखंड ओलंपिक संघ के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। हालांकि, बड़े स्टेडियमों के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती है।
उन्होंने कहा कि छोटे स्टेडियम और खेल मैदानों के निर्माण का काम उत्तराखंड सरकार अपने स्तर पर कर रही है, लेकिन बड़े खेल आयोजनों के लिए बड़े स्टेडियमों की आवश्यकता होती है। इसके लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होती है तो बड़े स्तर के खेल आयोजन और सुविधाओं के विकास की दिशा में और तेजी से काम किया जा सकता है।
पर्वतीय युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर
खेल विश्वविद्यालय के माध्यम से पर्वतीय और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेलों में करियर बनाने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आधुनिक खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, फिटनेस, कोचिंग और अन्य तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।
महेश नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें बेहतर संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिले।
उन्होंने उम्मीद जताई कि गोलापार की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने के साथ उत्तराखंड की पहचान देश के प्रमुख खेल राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





