रानीखेत में होम्योपैथिक चिकित्सा पर बढ़ा भरोसा, संजय पाण्डे ने किया राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण

Share the News

रानीखेत। जनस्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती की दिशा में एक सकारात्मक पहल करते हुए अल्मोड़ा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह माहरा राजकीय नागरिक चिकित्सालय परिसर में संचालित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय रानीखेत का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी पंजीकरण व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और उपचार पद्धति की गहन समीक्षा की। चिकित्सालय में तैनात डॉ. आनंद से बातचीत में जानकारी दी गई कि प्रतिदिन लगभग 50 से 60 मरीज उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं। यह आंकड़ा क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

चिकित्सालय में वर्तमान में लगभग सभी आवश्यक होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को निर्बाध उपचार मिल रहा है। डॉ. आनंद ने बताया कि होम्योपैथिक दवाएं सामान्यतः दुष्प्रभाव रहित मानी जाती हैं और यहां सभी दवाएं पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत मिल रही है।

संजय पाण्डे ने कहा कि सुदृढ़ और पारदर्शी स्वास्थ्य व्यवस्था ही समाज की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी संस्थान नियमितता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हैं तो जनता का विश्वास स्वतः मजबूत होता है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।

साथ ही उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य संस्थानों की समय-समय पर समीक्षा और जनसहभागिता से सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

See also  महाविद्यालय रानीखेत में राज्य स्थापना की रजत जयंती सप्ताह पर राजनीति विज्ञान विभाग में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
error: Content is protected !!