देहरादून डीएवी कॉलेज कार्यक्रम में अभद्र भाषा का मामला गरमाया, गायक मासूम शर्मा, आयोजक व विधायक उमेश कुमार के खिलाफ FIR की मांग

Share the News

देहरादून।  डीएवी कॉलेज देहरादून में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा और आपत्तिजनक बयानबाजी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

11 अप्रैल 2026 को हुए इस कार्यक्रम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा द्वारा मंच से कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे उपस्थित छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खानपुर विधायक उमेश कुमार भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी गायक को रोकने का प्रयास नहीं किया। साथ ही, गायक द्वारा “हयात होटल में हमला करने की बात” कहे जाने से आम जनता में भय और अस्थिरता का माहौल बना।

आरोप यह भी है कि विधायक उमेश कुमार ने मंच से गायक के समर्थन में भड़काऊ बयान दिया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

इस संबंध में फौजी राजेंद्र कांडपाल, दीपा पाण्डेय, प्रेमा मेर, भुवन चंद्र पाण्डेय सहित कई लोगों ने कोतवाली पहुंचकर गायक मासूम शर्मा, आयोजक मंडल और विधायक उमेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने हेतु प्रार्थनापत्र सौंपा है।

शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

See also  ब्रेकिंग न्यूज़ : बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर आत्मघाती हमला, 90 की मौत
error: Content is protected !!