अंबाला में फिल्मी अंदाज़ में फरार हुआ कैदी: पत्नी ने थार से किया ‘रेस्क्यू’, पुलिस के सामने से हुआ फरार

Share the News

हरियाणा। अंबाला में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कोई फिल्मी सीन नहीं, बल्कि सरेआम सड़क पर हुआ एक असली ‘गदर’ है, जहां एक शातिर आरोपी पुलिस की गिरफ्त से नाटकीय अंदाज़ में फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस आरोपी सुखदेव सिंह को मेडिकल चेकअप के लिए ले जा रही थी। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन अचानक एक काली महिंद्रा थार ने पूरे घटनाक्रम को पलट कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि थार को खुद आरोपी की पत्नी चला रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन ट्रैफिक जाम में फंसा, उसने मौके का फायदा उठाया और अपनी गाड़ी को पुलिस वैन के ठीक बराबर में ला खड़ा किया। इसी दौरान आरोपी ने चतुराई दिखाते हुए पलक झपकते ही पुलिस को चकमा दिया, गाड़ी से कूदकर सीधे थार में जा बैठा।

पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते, तब तक महिला ने तेजी से गाड़ी दौड़ा दी और मौके से फरार हो गई। यह पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि पुलिस को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपी व उसकी पत्नी की तलाश तेज कर दी गई है।

इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह सुरक्षा में चूक थी या आरोपी की पत्नी का सुनियोजित मास्टरप्लान? पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

See also  हल्द्वानी : दो बच्चों की मां लाखों के जेवरात लेकर प्रेमी संग फरार
error: Content is protected !!