अल्मोड़ा : “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर बना जनता की उम्मीदों का मंच, ग्वालाकोट में 95 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

Share the News

अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत ग्वालाकोट में एक भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय जनता ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर की अध्यक्षता उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने की। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल एवं सड़क से संबंधित रहीं।

आयोजन के दौरान कुल 101 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 95 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 412 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, साथ ही लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित सामग्री का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, 420 आवेदन विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मौके पर ही भरवाए गए, जिससे जनता को त्वरित सुविधा मिली।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए और कार्यक्रम की भावना के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी जनता की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि शिविर में प्राप्त सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा।

शिविर के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग अल्मोड़ा द्वारा जनोपयोगी प्रचार सामग्री का वितरण किया गया, जिससे लोग सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, कार्यों एवं उपलब्धियों से परिचित हो सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य व जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

यह शिविर शासन-प्रशासन को जनता के और निकट लाने की दिशा में एक प्रभावी और सफल पहल साबित हुआ।

See also  अल्मोड़ा : पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कनेरी ग्राम सभा में लगाई चौपाल
error: Content is protected !!