नौकरी के बाद दांपत्य विवाद: पत्नी पर एक करोड़ की डिमांड का आरोप, पति ने दर्ज कराया केस
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वैवाहिक विवाद सामने आया है।
यहां एक पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सरकारी शिक्षक की नौकरी लगने के बाद उसके साथ रहने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग कर रही है।
पीड़ित पति ने पत्नी और उसके मायके पक्ष के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित बजरंग भदौरिया के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2020 में दिल्ली निवासी लक्षिता सिंह से हुई थी। विवाह के बाद दोनों कानपुर में साथ रह रहे थे। शादी के कुछ समय बाद लक्षिता ने सरकारी शिक्षक बनने की इच्छा जताई। पति का आरोप है कि उसने पत्नी की पढ़ाई और कोचिंग के लिए आर्थिक रूप से सहयोग किया और अलग-अलग संस्थानों में फीस जमा कराई।
आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद लक्षिता का व्यवहार बदल गया। वह पति से दूरी बनाने लगी और बाद में मायके चली गई।
बजरंग का कहना है कि मायके पहुंचकर लक्षिता ने साफ कह दिया कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती। आरोप के मुताबिक, पत्नी ने शर्त रखी कि यदि वह पहले की तरह साथ रहना चाहता है तो उसे एक करोड़ रुपये देने होंगे।
पीड़ित पति का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष ने भी इसी मांग को दोहराया और रुपये न देने पर पत्नी को ससुराल न भेजने की बात कही। बजरंग के अनुसार, जब उसने बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश की तो उसके साथ कथित रूप से मारपीट और धमकी भी दी गई। पति का कहना है कि पत्नी और उसके परिजन उसे झूठे दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
नौबस्ता थाना पुलिस के अनुसार, पति की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला पक्ष का बयान दर्ज कर तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




















