फलों पर लगा रहे थे चूहे मारने की दवा, दो फल बेचने वाले गिरफ्तार, दुकान सील

Share the News

फलों पर चूहे मारने की दवा लगाने वाले दो विक्रेता गिरफ्तार, दुकान सील

मुंबई के मलाड इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो फल विक्रेताओं द्वारा बिक्री के लिए रखे फलों पर चूहे मारने की दवा लगाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।।

वीडियो सामने आते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार यह मामला स्थानीय निवासी कुणाल सालुंके की शिकायत के बाद उजागर हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बाजार में दो फल विक्रेता अपने फलों पर चूहे मारने की दवा लगा रहे हैं, जिससे आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है।

वायरल वीडियो में एक विक्रेता एक हाथ में केले और दूसरे हाथ में रैटोल (चूहे मारने की दवा) की ट्यूब पकड़े नजर आ रहा है। पूछताछ के दौरान वह कहता दिखता है कि केले खराब हैं।

वहीं आसपास मौजूद लोग उससे सवाल करते सुनाई दे रहे हैं कि बच्चों द्वारा खाए जाने वाले फलों पर ऐसा खतरनाक पदार्थ क्यों लगाया जा रहा है। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति अनार की ओर इशारा करते हुए बताता है कि उस पर भी यही दवा लगाई गई थी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों—मनोज कुमार केसरवानी और बिपिन केसरवानी—को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 125, 274, 275 और 286 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि उन्होंने चूहों से फलों को बचाने के लिए इस दवा का इस्तेमाल किया, लेकिन पुलिस ने इसे बेहद खतरनाक और गैरकानूनी बताया है।

अधिकारियों के अनुसार ऐसे जहरीले पदार्थों के सेवन से लोगों को पॉइजनिंग, अंगों को नुकसान और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े किसी भी संदिग्ध मामले की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

See also  भीमताल : सांसद अजय भट्ट ने क्षेत्र पंचायत की विकास पुस्तिका का किया विमोचन
error: Content is protected !!