नैनीताल। महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैक्सी चालक को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। हल्द्वानी से वह ऑटो से काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली।
देर रात करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया।
महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्रित कराए। पीड़िता की तहरीर पर तल्लीताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनार और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन (Vivo Y100) बरामद कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39) पुत्र नंदन सिंह बोरा निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

