रानीखेत महाविद्यालय में प्री-प्लेसमेंट कार्यशाला, बैंकिंग करियर पर छात्रों को मिली अहम जानकारी

Share the News

अल्मोड़ा। स्वर्गीय जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में प्री-प्लेसमेंट कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय रहा—विद्यार्थी एचडीएफसी बैंक तथा एक्सिस बैंक में सहायक प्रबंधक के रूप में अपना करियर कैसे बना सकते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य एवं करियर काउंसलिंग सेल के संयोजक प्रो. पी.एन. तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री आशुतोष शुक्ला का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ. राहुल चंद्रा ने मुख्य वक्ता का परिचय देते हुए उनके अनुभवों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

मुख्य वक्ता डॉ. शुक्ला ने “बैंक में करियर कैसे बनाएं” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चयन प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, इंटरव्यू की तैयारी और बैंकिंग सेक्टर में उपलब्ध विभिन्न अवसरों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने सेना में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी भी साझा की, जिससे विद्यार्थियों को विविध क्षेत्रों में संभावनाओं का मार्गदर्शन मिला।

कार्यशाला के दौरान कई विद्यार्थियों ने रोजगार के लिए पंजीकरण कराया, जो कार्यक्रम की उपयोगिता को दर्शाता है। कार्यक्रम का संचालन वनस्पति विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ. कोमल गुप्ता ने किया।

अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. पी.एन. तिवारी ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और रोजगारोन्मुखी साबित होती हैं।

इस अवसर पर डॉ. प्राची जोशी, डॉ. आस्था अधिकारी, डॉ. निष्ठा शर्मा सहित करियर काउंसलिंग सेल के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

See also  रानीखेत: व्यापार मंडल अध्यक्ष तथा सभासदों द्वारा विद्युत वितरण खंड के अधिकारियों संग मीटिंग आयोजित
error: Content is protected !!