ताड़ीखेत में राजकीय शिक्षक संघ की बैठक संपन्न, पदोन्नति व स्थानांतरण प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग

Share the News

ताड़ीखेत। राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई ताड़ीखेत की एक आवश्यक बैठक बुधवार को बीआरसी सभागार ताड़ीखेत में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन ब्लॉक मंत्री रमेश राम द्वारा किया गया। बैठक में विभिन्न विद्यालयों से आए पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने शिक्षा और शिक्षक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जनगणना कार्य में लगाए गए सभी शिक्षक कार्य पर जाने से पूर्व अपने संस्था अध्यक्ष को लिखित सूचना देंगे। संस्था अध्यक्षों से राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में पूर्ण सहयोग देने की अपेक्षा की गई।

साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या आने पर शिक्षक साथियों को ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट से संपर्क करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी अल्मोड़ा को भेजे गए पत्र पर भी चर्चा की गई, जिसमें विकासखंड ताड़ीखेत के लिए खंड शिक्षा अधिकारी की सप्ताह में कम से कम तीन दिन ब्लॉक मुख्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि शिक्षकों एवं शिक्षा संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके।

इसके अलावा विद्यालय परिसरों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश की स्थिति में संबंधित प्रधानाचार्य द्वारा तत्काल एफआईआर दर्ज कराने पर सहमति बनी।

कार्यकारिणी ने सभी वर्गों एवं स्तरों पर लंबित पदोन्नति और स्थानांतरण प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग भी उठाई। अंतरमंडलीय स्थानांतरण से वंचित शिक्षकों के मामलों में भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक में विद्यालयों के सुगम-दुर्गम श्रेणीकरण से जुड़े लंबित मामलों को लेकर जिला कार्यकारिणी को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही भविष्य में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कराने तथा मई अथवा जुलाई माह में प्रभारी प्रधानाचार्यों, खंड शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में संरक्षक डॉ. ललित चंद पाठक, उपाध्यक्ष अनूप चंद दास, महिला उपाध्यक्ष पूनम बोरा, महिला संयुक्त मंत्री सुधा शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहन लटवाल, प्रचार मंत्री मनमोहन देव, संतोष भट्ट सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में कोषाध्यक्ष मोहन सिंह ने आयुर्वेद से संबंधित उपयोगी जानकारी भी साझा की।

See also  Uksssc पेपर लीक : सड़कों पर उतरे हजारों बेरोजगार, सीबीआई जांच की मांग
error: Content is protected !!