राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में वर्चुअल लैब कार्यशाला का आयोजन, ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए विज्ञान शिक्षा के नए अवसर खुले
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा बीएससी एवं एमएससी विद्यार्थियों के लिए वर्चुअल लैब कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वर्चुअल लैब प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण किया तथा IIT Bombay Virtual Lab Initiative के माध्यम से विभिन्न रसायन विज्ञान प्रयोगों को ऑनलाइन एवं वर्चुअल रूप से संपन्न किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के वर्चुअल लैब नोडल समन्वयक डॉ. भारत पांडेय ने विद्यार्थियों को वर्तमान शिक्षा प्रणाली में वर्चुअल लैब की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह पहल बेहद लाभकारी साबित हो रही है, जहां आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाएं हर समय उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला का संचालन रसायन विज्ञान विभाग की विभागीय वर्चुअल लैब समन्वयक डॉ. निधि शर्मा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से विभिन्न रसायन विज्ञान प्रयोगों का प्रदर्शन कराया। इस दौरान विद्यार्थियों ने Thin Layer Chromatography, Saponification Value of Oil, Synthesis of Aspirin तथा Conductometric Titration जैसे प्रयोगों को वर्चुअल माध्यम से पूरा किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडेय ने IIT Bombay के साथ इस सहयोग की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वर्चुअल शिक्षा विज्ञान अध्ययन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
वहीं Virtual Labs, IIT Bombay से मनीष नागोशे ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर छात्राओं तक आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षा पहुंचाने में यह प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यशाला का समापन विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं संवाद के साथ हुआ, जिसने डिजिटल एवं प्रयोगात्मक विज्ञान शिक्षा के प्रति उनकी बढ़ती रुचि को दर्शाया।

