कृष्णापुर में भूस्खलन व बोल्डरों से निपटने के लिए कुमाऊं आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण
विशेषज्ञ एजेंसी से बोल्डर निस्तारण, वैकल्पिक टू-व्हीलर मार्ग का सर्वे और सफाई कार्य में लापरवाही पर वेतन काटने के निर्देश
वैकल्पिक टू-व्हीलर मार्ग का होगा सर्वे, सफाई में लापरवाही पर कर्मचारियों का वेतन काटने के आदेश
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन एवं पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर अवस्था में मौजूद विशाल बोल्डरों को रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा लगाए गए जाल पर्याप्त साबित नहीं हुए। हाल ही में बोल्डर गिरने से एक कार और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हुई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
दीपक रावत ने कहा कि केवल बोल्डरों को स्थिर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सुरक्षित और पूर्ण निस्तारण आवश्यक है। इसके लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को मौके पर बुलाकर आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में विभाजित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को संबंधित एजेंसी से तत्काल समन्वय कर कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी जल्द कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पैदल मार्ग की जर्जर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मार्ग मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि जब तक बलिया नाले का स्थायी स्थिरीकरण नहीं होता, तब तक वर्तमान मार्ग पर रेलिंग लगाकर उसे सुरक्षित बनाया जाए।
स्थानीय नागरिकों ने कुमाऊं यूनिवर्सिटी के कृषि विज्ञान विभाग के मैदान से पुराने कूड़ा खड्ड तक वैकल्पिक दोपहिया मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो सफाई कर्मचारी क्षेत्र में तैनात होने के बावजूद कार्य नहीं कर रहे हैं, उनका उस दिन का वेतन काटा जाए।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि कृष्णापुर क्षेत्र में भूस्खलन और मार्ग धंसने की समस्या का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें फोन पर दें।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

