रानीखेत में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए करन माहरा, बोले— मानवता, सेवा और सनातन संस्कृति का अमृत संदेश देती है कथा

Share the News

श्रीमद्भागवत कथा मानवता, सेवा और सनातन संस्कृति का अमृत संदेश देती है। करन माहरा

रिपोर्टर :  बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने रानीखेत स्थित श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में पूज्य श्री श्री 1008 श्री मौनी महाराज जी के पावन सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर भगवान शिव एवं श्रीहरि से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

कथा स्थल पर करन माहरा ने पूज्य मौनी महाराज जी एवं कथा व्यास श्री राजेश प्रसाद पांडेय जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित कर सेवा, समर्पण और भक्ति का संदेश भी दिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।

इस अवसर पर करन माहरा ने श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, संस्कार, सेवा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, करुणा, त्याग, भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने की दिव्य प्रेरणा देने वाली ज्ञानगंगा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे आयोजन लोगों के भीतर आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच और सामाजिक एकता का संचार करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

करन माहरा ने विश्वास व्यक्त किया कि पूज्य श्री श्री 1008 श्री मौनी महाराज जी के सानिध्य में आयोजित यह श्रीमद्भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और लोकमंगल की भावना को और अधिक सशक्त करेगा।

उन्होंने भगवान शिव एवं श्रीहरि से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से उत्तराखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि, भाईचारा और जनकल्याण का वातावरण बना रहे तथा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में धर्म, सेवा और मानवता का प्रकाश सदैव आलोकित होता रहे।

See also  हल्द्वानी: कांग्रेस पार्टी से मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने  बाजार क्षेत्र में किया जनसंपर्क कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात की
error: Content is protected !!