जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जारी किया कार्यक्रम, विभिन्न विकासखंडों में आम जनता को मिलेगी आधार संबंधी सेवाएं
रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत
अल्मोड़ा। आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 जुलाई से 10 जुलाई, 2026 तक “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के अंतर्गत “सेवा सप्ताह” मनाया जाएगा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में पूरे जिले में सेवा सप्ताह के दौरान आधार सेवा शिविरों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को जिला मुख्यालय के मल्ला महल में आधार शिविर आयोजित होगा, जिसके नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी होंगे। 5 जुलाई को विकासखंड ताड़ीखेत के जीआईसी कुनेलाखेत, 6 जुलाई को विकासखंड सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज मानिला, 7 जुलाई को विकासखंड स्याल्दे के राजकीय इंटर कॉलेज मालीखेत, 8 जुलाई को विकासखंड लमगड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय शहरफाटक, 9 जुलाई को विकासखंड द्वाराहाट के जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छानागोलू तथा 10 जुलाई को विकासखंड भैसियाछाना के राजकीय प्राथमिक विद्यालय दसौ और विकासखंड चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज तड़ागताल में आधार सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शिविर के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल सके।

