जन्मदिन पर मिले प्रतिनिधिमंडल को मंत्री ने दिया आश्वासन, शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से वार्ता कर समाधान का भरोसा
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत/अल्मोड़ा। जिला अध्यक्ष किशोर जोशी के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से अल्मोड़ा स्थित सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में सेवारत एवं औपबंधिक शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने तथा शिक्षकों को गृह जनपद में स्थानांतरण का अवसर प्रदान करने की प्रमुख मांगें उठाई गईं।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने आश्वासन दिया कि वे TET की अनिवार्यता और पुरानी पेंशन योजना से संबंधित मांगों को लेकर भारत सरकार के शिक्षा मंत्री से वार्ता करेंगे। वहीं, गृह जनपद में स्थानांतरण के मुद्दे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री द्वारा उनके जन्मदिन के अवसर पर दिए गए इस आश्वासन का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर जिला मंत्री जगदीश भंडारी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कांडपाल, जिला संरक्षक मनोज बिष्ट, पूर्व प्रांतीय संगठन मंत्री प्रकाश जोशी तथा विभिन्न विकासखंडों से आए पदाधिकारी हंसादत्त शर्मा, भुवन सिराड़ी, बलवीर बिष्ट, नवीन जोशी, जगदीश बिष्ट, डॉ. मोहन पांडे, सोहनवीर, राकेश बिष्ट और दिनेश भंडारी सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


