राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में रक्तदान शिविर, शिक्षकों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

रक्तदान के प्रति जागरूकता को लेकर विद्यार्थियों ने निकाली रैली, ‘एक बूंद मानवता की, रक्तदान करें जीवन बचाएं’ का दिया संदेश

रिपोर्टर :  बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय रानीखेत के डॉक्टर दीपक शर्मा एवं लैब तकनीशियन बसंत लोहनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ रियर एडमिरल प्रदीप जोशी वीएसएम (सेवानिवृत्त) एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा ऐसा कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में प्रत्यक्ष योगदान दिया जा सकता है।

विद्यालय परिवार की ओर से “One Drop of Humanity, Give Blood, Save Lives” का संदेश देते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिक्षकों ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों और समाज के सामने मानव सेवा एवं सामाजिक दायित्व की मिसाल प्रस्तुत की।

विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

रक्तदान दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने रक्तदान को मानव सेवा से जोड़ते हुए आमजन से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है, ताकि जरूरत के समय अस्पतालों में रक्त की कमी के कारण किसी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्यार्थियों के माध्यम से भी रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा किए गए स्वैच्छिक रक्तदान से विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली। विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य केवल रक्तदान शिविर आयोजित करना ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में मानव सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक हेम पंत, बृजेश जोशी, त्रिभुवन कांडपाल एवं मंसूर अहमद का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने रक्तदान करने वाले सभी शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

See also  रानीखेत : आर्मी पब्लिक स्कूल के शिक्षकों और छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र वितरित
error: Content is protected !!