36 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद एसएसबी निरीक्षक महेश चंद्र जोशी सेवानिवृत्त, सीमांत मुख्यालय रानीखेत में भावभीनी विदाई

Share the News

सशस्त्र सीमा बल से सेवाकाल पूर्ण करने के उपरांत निरीक्षक महेश चंद्र जोशी की भावभीनी विदाई

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सीमांत मुख्यालय रानीखेत में कार्यरत निरीक्षक (संचार) महेश चंद्र जोशी 36 वर्षों की गौरवशाली, समर्पित एवं बेदाग सेवा पूर्ण करने के बाद शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर सीमांत मुख्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया।

मूल रूप से रानीखेत (उत्तराखंड) निवासी महेश चंद्र जोशी ने वर्ष 1990 में आरक्षी (संचार) के रूप में सशस्त्र सीमा बल में अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। अपनी मेहनत, अनुशासन, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने संगठन में लगातार प्रगति करते हुए निरीक्षक (संचार) के पद तक का सफर तय किया। अपने पूरे सेवाकाल में उन्होंने उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण की मिसाल कायम की।

करीब तीन दशक से अधिक लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न सीमावर्ती, दूरस्थ एवं दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में तैनाती के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया गया। इनमें महानिदेशक का डीजी सिल्वर डिस्क, प्रशंसा पत्र, पुलिस मेडल तथा विभिन्न अवसरों पर नकद पुरस्कार प्रमुख हैं।

महेश चंद्र जोशी को संगठन में एक कुशल अधिकारी, अनुशासित कर्मी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता है। वे अपने सहयोगियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए सदैव मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बने रहे। उनके सफल सेवाकाल में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। उनका समर्पण और कार्यनिष्ठा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जाती है।

सेवानिवृत्ति समारोह में सीमांत रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार ने महेश चंद्र जोशी को उनकी दीर्घकालीन एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए महानिदेशक का डीजी सिल्वर डिस्क, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महानिरीक्षक ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने भी श्री जोशी के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी कार्यशैली एवं कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

See also  आईफोन, महंगा हार और 25 लाख की डिमांड; लेडी कॉनस्टेबल की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर SHO ने की आत्महत्या?
error: Content is protected !!