पूर्व सैनिक देवेंद्र सिंह बिष्ट बने उत्तराखंड क्रांति दल सैनिक प्रकोष्ठ के केंद्रीय महामंत्री, क्षेत्र में खुशी की लहर

Share the News

पूर्व सैनिक एवं ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह बिष्ट को उत्तराखंड क्रांति दल के सैनिक प्रकोष्ठ का केंद्रीय महामंत्री बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। विकासखंड द्वाराहाट की ग्रामसभा सकुनी, बग्वालीपोखर निवासी एवं पूर्व सैनिक तथा ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह बिष्ट को उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सैनिक प्रकोष्ठ का केंद्रीय महामंत्री मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की घोषणा के बाद पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, सैनिक परिवारों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने इसे सैनिक समुदाय के हितों को मजबूत आवाज मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

देवेंद्र सिंह बिष्ट का जन्म 22 मई 1986 को ग्रामसभा सकुनी, बग्वालीपोखर में हुआ। उन्होंने 2 सितंबर 2002 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का दायित्व निभाया। करीब 17 वर्षों तक सेना में क्लर्क के रूप में सेवाएं देने के दौरान उन्होंने पीए टू कर्नल तथा रिकॉर्ड प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सफलतापूर्वक निभाईं। 31 दिसंबर 2019 को वे सेना से सेवानिवृत्त हुए।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़कर पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किया। द्वाराहाट ब्लॉक के पूर्व सैनिक लीग प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अनेक मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा सैनिक संगठक, बग्वालीपोखर के रूप में भी वे सैनिक परिवारों के हितों के लिए कार्य करते रहे।

पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के हित में उनके प्रयासों का सबसे बड़ा उदाहरण रुकी हुई पेंशन और अन्य लंबित मामलों का समाधान है। उनके सहयोग से क्षेत्र के कई पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को लगभग एक करोड़ रुपये की लंबित पेंशन दिलाने में मदद मिली। साथ ही उन्होंने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी लोगों का मार्गदर्शन किया।

वर्तमान में देवेंद्र सिंह बिष्ट ग्राम प्रधान, सकुनी बग्वालीपोखर के रूप में क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके सैन्य अनुभव, सामाजिक कार्यों और पूर्व सैनिकों के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उत्तराखंड क्रांति दल ने उन्हें सैनिक प्रकोष्ठ के केंद्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।

नवनियुक्त केंद्रीय महामंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि वे सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके परिवारों की समस्याओं को संगठन और शासन स्तर पर मजबूती से उठाएंगे तथा उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

देवेंद्र सिंह बिष्ट के मनोनयन पर पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ सैनिक समाज और संगठन दोनों को मिलेगा। क्षेत्र के अनेक पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

See also  राजा रघुवंशी जैसा हत्याकांड; इस बार सोनम नहीं मनीषा बनी हत्यारिन, प्रेमी की मदद से पति को मारकर नदी में फेंका
error: Content is protected !!