ताड़ीखेत में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम दत्त पांडे की प्रतिमा के अनावरण।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और विधायक प्रमोद नैनवाल ने किया लोकार्पण, ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने अधिकारों के हनन का लगाया आरोप
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। ताड़ीखेत ब्लॉक मुख्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय राम दत्त पांडे की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान जहां स्वतंत्रता सेनानी के योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, वहीं कार्यक्रम से पहले प्रतिमा के अनावरण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक खींचतान भी सामने आई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा और क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण कर स्वतंत्रता सेनानी के योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के साथ ब्लॉक परिसर में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम दत्त पांडे की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम से पहले ब्लॉक प्रमुख ने किया प्रतिमा का अनावरण
प्रतिमा अनावरण को लेकर उस समय राजनीतिक चर्चा तेज हो गई, जब केंद्रीय राज्य मंत्री और विधायक के निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने सुबह प्रतिमा का रिबन काटकर अनावरण कर दिया। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री और विधायक ने अपने तय कार्यक्रम के अनुसार प्रतिमा का औपचारिक लोकार्पण किया।
एक ही प्रतिमा के दो अलग-अलग समय पर अनावरण किए जाने के घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
स्वतंत्रता सेनानी के योगदान को किया याद
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने स्व. राम दत्त पांडे के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने इसी धरती पर जन्म लेकर देश को आजाद कराने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राम दत्त पांडे का जन्म वर्ष 1901 में हुआ था और वर्ष 1981 तक उन्होंने क्षेत्र में रहकर सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि बद्री दत्त पांडे के नेतृत्व में 14 जनवरी 1921 को बागेश्वर के सरयू तट पर हुए ऐतिहासिक कुली बेगार आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने में भी स्व. राम दत्त पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
अजय टम्टा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस स्वतंत्र भारत का सपना देखा था, देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प और वर्ष 2047 के विजन के तहत देश को आगे ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्लॉक प्रमुख ने लगाया अधिकारों के हनन का आरोप
वहीं, प्रतिमा अनावरण को लेकर सामने आए घटनाक्रम के बीच ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने जनप्रतिनिधियों के रवैये पर नाराजगी जताई। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार विभिन्न माध्यमों से उनके संवैधानिक और प्रशासनिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
बबली मेहरा ने कहा कि उन्हें क्षेत्र के विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों में स्वतंत्र रूप से कार्य करने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों का अनावश्यक हस्तक्षेप उनके अधिकारों को प्रभावित करने के साथ ही ब्लॉक क्षेत्र के विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल असर डाल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि उनके अधिकारों में इस तरह की दखलंदाजी और हनन का सिलसिला जल्द नहीं रुका तो वह पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखेंगी। साथ ही क्षेत्र की जनता के हित में न्याय की मांग करेंगी।
अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख सोनी भगत, कनिष्ठ प्रमुख जीवन बुथानी, खंड विकास अधिकारी तारा चंद्र, तहसीलदार दीपिका आर्य, नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह अधिकारी, सहायक अभियंता गिरीश कोटलिया, कनिष्ठ अभियंता संजय पंत, जिला महामंत्री ध्यान सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष मुकेश पांडेय, ललित मेहरा, मनोनीत सभासद रोहित शर्मा, पूर्व ग्राम प्रधान मंजीत भगत, प्रमोद रावत, शंकर राम, रमेश खनायत, महेंद्र रावत, उमेश पंत और अश्विनी भगत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





