कोटद्वार। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड द्वारा आयोजित 38वें प्रांतीय खेलकूद समारोह 2026 में हरिद्वार संकुल ओवरऑल चैंपियन रहा।
त्रिदिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण , विद्या भारती के वरिष्ठ प्रचारक सुनील जी, प्रदेश निरीक्षक उत्तराखंड प्रांत डॉ० विजयपाल सिंह, प्रांत खेल संयोजक रविंद्र रावत, संभाग निरीक्षक गढ़वाल नत्थी लाल बंगवाल, कुमाऊँ संभाग सुरेशानंद जोशी ने ध्वजारोहण कर किया। माननीय विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण जी ने उत्तराखंड प्रांत के 14 संकुलों से आये 450 प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।
प्रतियोगिताएं अंडर 14, अंडर 17 व अंडर 19 वर्ग में सम्पन्न हुई। दौड़ प्रतियोगिताओं में 24 इवेंट , कूद प्रतियोगिताओं में 06 इवेंट और फेंक प्रतियोगिताओं में 04 प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। सभी प्रतियोगिताओं में हरिद्वार संकुल ओवरऑल चैंपियन रहा। द्वितीय स्थान पर देहरादून संकुल रहा। व्यक्तिगत चैंपियनशिप अनुष्का फुलारा एवं अंकिता रही। संकुलश: चैंपियनशिप अंडर 14 चैम्पियनशिप में हरिद्वार संकुल प्रथम, देहरादून संकुल द्वितीय,रुद्रपुर संकुल तृतीय रहा। अंडर 17 में हरिद्वार संकुल प्रथम, रुद्रपुर संकुल द्वितीय एवं देहरादून तृतीय रहा।
अंडर 19 हरिद्वार संकुल प्रथम , देहरादून संकुल द्वितीय एवं काशीपुर तृतीय रहा। समापन समारोह में प्रदेश निरीक्षक डॉ विजयपाल सिंह जी ने छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य छात्र छात्राओं को संस्कार युक्त शिक्षा के साथ साथ राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने हेतु प्रोत्साहित करना है विद्या भारती के कई छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पहुंचते है और क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं।
कार्यक्रम के अंत प्रांत खेल संयोजक रविंद्र रावत ने प्रतियोगिता ध्वज संभाग निरीक्षक जी को दिया तथा अगली प्रतियोगिता कुमाऊं संभाग में सम्पन्न होने की घोषणा की। इस अवसर पर खेल कार्यालय अधिकारी चंबा से इन्द्रपाल परमार, नानकमत्ता से गिरीश जोशी, हल्द्वानी से मदन जलाल, सितारगंज से निरंजन कुमार, बग्वाली पोखर से हीरा सिंह मेहरा, 26 खेल निर्णायक एवं उत्तराखंड प्रांत के 14 संकुलों से आये 450 छात्र छात्राएं एवं संरक्षक आचार्य उपस्थित रहे।





