राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम सम्पन्न
रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्तियों, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन तथा विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। करीब दो घंटे तक चले अभिमुखीकरण सत्र में विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक अवसरों की विस्तार से जानकारी दी गई।
बीए प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए क्रमशः डॉ. बबीता कांडपाल, डॉ. अर्चना जोशी एवं डॉ. धीरज सिंह खाती ने परिचय एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन व्यवस्था तथा उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी।
उपस्थिति नियम, कौशल विकास पाठ्यक्रम, स्वयं एवं MOOCs से संबंधित जानकारी डॉ. बरखा रौतेला ने दी। वहीं परीक्षा प्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन एवं ABC ID से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी डॉ. आशुतोष विक्रम एवं परीक्षा प्रभारी प्रशून जोशी ने विद्यार्थियों के साथ साझा की।
कार्यक्रम में कैरियर काउंसलिंग, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति एवं अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति की जानकारी डॉ. सुरेश टम्टा ने दी, जबकि NSP छात्रवृत्ति से संबंधित जानकारी डॉ. संगीता ने प्रदान की। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और अवसरों के बारे में भी अवगत कराया गया।
सह-शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं रोवर्स-रेंजर्स से संबंधित जानकारी क्रमशः डॉ. सत्यमित्र, डॉ. लक्ष्मी एवं डॉ. पारुल भारद्वाज ने दी। डॉ. सत्यमित्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “NSS डिग्री नहीं, व्यक्तित्व गढ़ता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सेवा और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इसके अलावा छात्र संघ एवं क्रीड़ा संबंधी गतिविधियों की जानकारी डॉ. सुदर्शन कुमार ने दी। विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न मंचों और गतिविधियों में सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में हिंदी विभाग से डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. राजविंदर कौर, डॉ. प्राची जोशी, डॉ. निर्मला जोशी (संगीत), डॉ. रश्मि रौतेला, डॉ. रेखा भट्ट, डॉ. निधि पांडेय सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्राचार्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों की लगभग पूर्ण उपस्थिति अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अभिमुखीकरण कार्यक्रम विद्यार्थियों को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली और उपलब्ध अवसरों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्राचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अध्यापकों एवं आयोजन समिति की सराहना की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





