नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रतिभाग किया।
महारैली में कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया।
महारैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर महंगाई, आर्थिक नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। पार्टी आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।


