सेवा संकल्प अभियान के तहत भिकियासैंण के जीनापानी में आयोजित शिविर में 734 लोगों ने किया प्रतिभाग
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड भिकियासैंण के राजकीय इंटर कॉलेज जीनापानी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग कर क्षेत्रीय जनता को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।
454 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं के माध्यम से कुल 454 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों से संबंधित 143 प्रमाण-पत्रों एवं विभागीय सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में लोगों की ओर से प्रस्तुत 20 आवेदनों एवं जनसमस्याओं का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। इससे स्थानीय लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
इस अवसर पर रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
वहीं, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
बहुउद्देशीय शिविर में उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए गए।


