24 अक्टूबर को देहरादून में शिक्षकों की महारैली, पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे शिक्षक

पुरानी पेंशन, टीईटी से छूट और पदोन्नति बहाली की मांग को लेकर 24 अक्टूबर को देहरादून में महारैली करेंगे प्राथमिक शिक्षक।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन ने शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के आह्वान पर आगामी 24 अक्टूबर को देहरादून में महारैली निकाली जाएगी। इस दौरान जनपद के शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक कूच करेंगे। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी से छूट, पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति सहित कई मांगों को प्रमुखता से उठाया है।

वीओ: उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर 24 अक्टूबर को देहरादून में प्रस्तावित महारैली को लेकर शिक्षकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन के जिलाध्यक्ष किशोर जोशी ने कहा कि सरकार शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। इसी के विरोध में संगठन ने सामूहिक अवकाश लेकर महारैली निकालने का निर्णय लिया है।

जिलाध्यक्ष किशोर जोशी के अनुसार, शिक्षकों की प्रमुख मांगों में राज्य के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली शामिल है। इसके साथ ही संगठन ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम यानी आरटीई-2009 लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों और औपबंधिक शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से छूट देने की मांग उठाई है।

शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया बाधित होने के कारण उनमें निराशा का माहौल है। संगठन ने सरकार से पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि शिक्षकों को उनका अधिकार मिल सके और विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार हो।

इसके अलावा संगठन ने शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की मांग भी उठाई है। शिक्षकों का कहना है कि उनका मुख्य दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। ऐसे में उनसे केवल शैक्षणिक कार्य कराए जाने चाहिए। संगठन ने रोजाना नए-नए मोबाइल ऐप डाउनलोड करने, ऑनलाइन कार्य करने और विभिन्न ऑनलाइन कोर्स पूरे करने की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाए हैं।

एसोसिएशन ने सरकार से शिक्षकों की सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। अब 24 अक्टूबर को देहरादून में होने वाली महारैली के जरिए शिक्षक अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।

See also  तेरहवीं की तारीख बता देना आ जाऊंगी. पति की आत्महत्या की खबर पर पत्नी का जवाब, डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
error: Content is protected !!