‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ और ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत AICC पर्यवेक्षक दीपक ठाकुर पहुंचे रानीखेत।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ अभियान और ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत रानीखेत पहुंचे AICC पर्यवेक्षक दीपक ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी अभियानों पर चर्चा की।
पर्यवेक्षक दीपक ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और लामबंदी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में उन्हें क्षेत्र के छह जिलों का प्रभार सौंपा गया है, जिसके तहत वे विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर गतिविधियों का समन्वय और निगरानी कर रहे हैं।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दीपक ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार साजिश के तहत मतदाता सूचियों से जनता के वोट काटने का काम कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन भी नागरिकों के नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, कांग्रेस पार्टी अभियान चलाकर उन सभी काटे गए वोटों को दोबारा जुड़वाने का काम करेगी।
पर्यवेक्षक दीपक ठाकुर ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के पर्व के बाद कांग्रेस पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में चौपालों का आयोजन करेगी। इन चौपालों के माध्यम से उन सभी लोगों के नाम चिह्नित कर पुन: मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे, जिनके नाम गलत तरीके से काटे गए हैं।
बैठक के दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पर्यवेक्षक का स्वागत किया और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।









