स्व. जयदत्त वैला राजकीय महाविद्यालय रानीखेत में अंग्रेजी विभागीय एसोसिएशन का गठन

स्व. जयदत्त वैला राजकीय महाविद्यालय रानीखेत में अंग्रेजी विभागीय एसोसिएशन का गठन एवं क्रिएटिव राइटिंग पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण आयोजित।

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत

रानीखेतl स्वर्गीय श्री जय दत्त वेला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत, अल्मोड़ा के अंग्रेजी विभाग द्वारा विभागीय एसोसिएशन (Departmental Association) का गठन एवं Creative Writing विषय पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में अंग्रेजी विभाग की विभागीय एसोसिएशन का गठन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कौशल, सामूहिक सहभागिता एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में आँचल परगाईं (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर), उपाध्यक्ष के रूप में आँचल (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर), सचिव के रूप में आदित्यनाथ गोस्वामी (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर), संयुक्त सचिव के रूप में नैना परगाईं (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) तथा कोषाध्यक्ष के रूप में शगुन पंत (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर)का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न कक्षाओं के प्रतिनिधियों के रूप में अंजलि रावत (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर), माया मनराल (एम.ए. प्रथम सेमेस्टर), दुर्गा पांडे (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), नेहा जोशी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) एवं प्रिया आर्या (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। विभागीय एसोसिएशन के माध्यम से विद्यार्थियों को विभागीय कार्यक्रमों के आयोजन, शैक्षणिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के संचालन तथा आपसी समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में *Creative Writing* विषय पर विद्यार्थियों द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण किया गया। इस गतिविधि में अंग्रेजी विभाग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के साथ-साथ विज्ञान संकाय (बी.एससी.) के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अंग्रेजी भाषा में रचनात्मक लेखन के विभिन्न पहलुओं पर अपनी प्रस्तुतियाँ दीं तथा मौलिक विचारों, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। इस गतिविधि का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी सृजनात्मक सोच, लेखन क्षमता, संप्रेषण कौशल, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुतीकरण कला को प्रोत्साहित करना था। विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को अंतरविषयी स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पी.एन. तिवारी, अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. निधि पांडे, डॉ. बरखा रौतेला एवं  हिमानी नेगी उपस्थित रहीं। उपस्थित प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नेतृत्व, सहयोग एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक सार्थक मंच प्राप्त हुआ। इस आयोजन ने विभागीय गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की।

See also  देहरादून में युवकों-युवतियों के साथ रहने की सूचना पर हंगामा, पुलिस ने शुरू की पूछताछ
error: Content is protected !!