आंदोलन के 29वें दिन पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी के नेतृत्व में निकली रैली, पहाड़ी आर्मी ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
हल्द्वानी। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित करने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को आंदोलन के 29वें दिन आंदोलनकारियों ने पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी के नेतृत्व में शहर के मुख्य बाजार में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आम जनता को गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग के समर्थन में जागरूक किया गया।
रैली में शामिल आंदोलनकारियों ने कहा कि उत्तराखंड एक पहाड़ी राज्य है और इसकी स्थायी राजधानी भी पहाड़ में ही होनी चाहिए। गैरसैंण उत्तराखंड की आत्मा और राज्य आंदोलन की भावनाओं का प्रतीक है। यदि सरकार गैरसैंण से संचालित होगी तो पहाड़ी क्षेत्रों का विकास तेजी से होगा और राज्य निर्माण के समय देखा गया विकसित उत्तराखंड का सपना साकार हो सकेगा। उन्होंने कहा कि राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि पहाड़ के सम्मान, पहचान और समान विकास से जुड़ा विषय है।
इस दौरान पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए 43 लोगों ने अपना बलिदान दिया था। राज्य आंदोलनकारियों ने एक बेहतर और विकसित उत्तराखंड की कल्पना की थी, लेकिन आज प्रदेश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पहाड़ के लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करना पहाड़ के स्थायी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जब तक सरकार पहाड़ से संचालित नहीं होगी, तब तक पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव नहीं है।
राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त कोठारी और दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लाठियां और गोलियां खाईं। उन्होंने एक ऐसे राज्य का सपना देखा था, जहां पहाड़ के लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। लेकिन राज्य बनने के बाद विभिन्न सरकारों ने आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज एक बार फिर राज्य की अस्मिता और मूल अवधारणा को बचाने के लिए सभी राज्य आंदोलनकारियों को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।
रैली के दौरान राज्य आंदोलनकारी रामेश्वर शर्मा, ललित मोहन जीना, अनिल बहुगुणा, प्रेमा मेर और विनोद कुमार घड़ियाल ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने से पहाड़ी क्षेत्रों में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ेंगी और विकास योजनाओं का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंच सकेगा।
29वें दिन दो आंदोलनकारी क्रमिक अनशन पर बैठे
इधर, बुद्ध पार्क में चल रहे आंदोलन के 29वें दिन पहाड़ी आर्मी की गीता बिष्ट और हरेंद्र राणा क्रमिक अनशन पर बैठे। अनशनकारियों ने प्रदेश सरकार से गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग दोहराई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस दिशा में निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वे आमरण अनशन पर बैठने के लिए भी मजबूर होंगे।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किए जाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश की जनता से भी इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
रैली में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
जागरूकता रैली में जिलाध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल, कविता जीना, महेश तिवारी, अंजू पांडे, प्रेमा मेर, आनंद राम, देवेंद्र सयालाकोटी, मोहन पाठक, अनिल बहुगुणा, दीपा बोरा, ललित मोहन जीना, बसंती देवी, मोहन बोरा, सूबेदार रमेश रावत, आनंद कनियाल, कैलाश डालाकोटी, डीके दानी, दीपिका मांगोली, शशि सिंह, तारा पंडित, महेश भट्ट, मोहनी देवी, हयात सिंह रावत, शकुंतला और हरीश नाथ सहित दर्जनों आंदोलनकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग उठाई।






