डिजिटल शिक्षा की ओर बढ़ते कदम, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा नई तकनीक का साथ

राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौलाकोट, बग्वाली पोखर में PM eVIDYA कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता आशुतोष शाही ने किया उद्घाटन

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह ने 

रानीखेत/द्वाराहाट। विकासखंड द्वाराहाट के अन्तर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौलाकोट, बग्वाली पोखर में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड में PM eVIDYA कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता आशुतोष शाही ने उद्घाटन कर किया।

बता दें कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड द्वारा प्रदेश के चयनित 100 विद्यालयों में PM eVIDYA कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षिक टीवी प्रसारण व्यवस्था स्थापित करने की पहल की गई है। इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड द्वाराहाट के अन्तर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौलाकोट का चयन किया किया गया है। इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा विद्यालय को टीवी सेटअप एवं कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। जिससे विद्यालय के विद्यार्थी डिजिटल माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। वहीं विद्यार्थियों को कठिन विषयों को चित्रों और वीडियो के माध्यम से सरलता से समझने, हिंदी, गणित, विज्ञान एवं अन्य विषयों की रोचक और प्रभावी पढ़ाई को डिजिटल माध्यम से सीखने और तकनीकी ज्ञान बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता आशुतोष शाही ने कहा कि PM eVIDYA भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल शिक्षा पहल है।

यह केवल विद्यालय में टेलीविजन व्यवस्था के शुभारंभ तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के नौनिहालों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

जिसका उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों तक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न शैक्षिक टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाले पाठ्यक्रम आधारित कार्यक्रमों, विषयवार शिक्षण सामग्री, रोचक शैक्षिक वीडियो और ज्ञानवर्धक जानकारियों का लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। हमारे पहाड़ के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें उचित संसाधन, बेहतर मार्गदर्शन और समान अवसर उपलब्ध करवाने की। जब गाँव के विद्यालयों तक आधुनिक तकनीक शिक्षा पहुँचेगी, तभी ग्रामीण प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि द्वाराहाट विधानसभा के प्रत्येक सरकारी विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हो, बच्चों को आधुनिक सुविधाएँ मिलें और हमारे ग्रामीण क्षेत्र के नौनिहाल शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल करें। एक उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना भारत के प्रत्येक बच्चे का अधिकार है, जिसे सरकार बखूबी प्रदान कर रही है।

इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार, SCERT उत्तराखंड, शिक्षा विभाग तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इस नई शुरुआत के लिए मैं हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूं।

See also  एक्स्ट्रा क्लास का बहाना बना होटल पहुंची छात्रा, पीछे-पीछे पुलिस लेकर पहुंची मां
error: Content is protected !!