रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। भारत सरकार, गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार, 26 नवम्बर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकार किए जाने के गौरवपूर्ण 77 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर सीमांत मुख्यालय, रानीखेत में ‘संविधान दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्री अमित कुमार, महानिरीक्षक, सीमांत रानीखेत ने उपस्थित अधिकारियों व जवानों के समक्ष संविधान की प्रस्तावना का ओजस्वी वाचन किया।
कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने वाले महापुरुषों, विशेषकर संविधान के मुख्य शिल्पकार ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सादर नमन करते हुए उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया।
अपने संबोधन में अमित कुमार, महानिरीक्षक, सीमांत रानीखेत ने भारतीय संविधान की महत्ता और इसके विविध आयामों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान होने के साथ-साथ यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और अखंडता की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना इसकी आत्मा है, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को स्थापित करती है। संविधान न केवल देश के प्रत्येक नागरिक के मौलिक अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है और एक सशक्त व समृद्ध भारत के निर्माण हेतु संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव निष्ठावान रहने की प्रेरणा देता है।
इस गरिमामय समारोह में मुख्तार मोहसिन (उप महानिरीक्षक), सुरेश सुब्रमण्यम (उप महानिरीक्षक), कुमार सुंदरम (द्वितीय-कमान-अधिकारी), अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं जवान उपस्थित रहे।






