द्वाराहाट विधानसभा के अंतर्गत ग्राम उडगल को जाने वाली सड़क बदहाल; भाजपा नेता आशुतोष शाही ने लगाए सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप

रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। विधानसभा क्षेत्र द्वाराहाट के अंतर्गत विधायक निधि से निर्मित हो रही सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

बग्वालीपोखर से मल्ली मिरई जाने वाले मुख्य मार्ग पर पोखर बाजार से महज तीन सौ मीटर आगे ग्राम उडगल के लिए कटी संपर्क सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है।

सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीण जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया गया है। निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि इस पर वाहन चलाना किसी बड़े खतरे को न्योता देने जैसा है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि विधायक निधि से बनने वाली इन सड़कों के निर्माण के बाद इनके रखरखाव की जिम्मेदारी आखिर किस विभाग की है? जिम्मेदारी तय न होने के कारण सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

सड़क की दयनीय स्थिति पर कड़ा ऐतराज जताते हुए वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को कटघरे में खड़ा किया है।

उन्होंने कहा, “ग्राम उडगल को कटी इस सड़क की हालत देखकर साफ लगता है कि जनता के टैक्स के पैसों की खुलेआम बंदरबांट हो रही है। मानकों के विपरीत किए गए इस निर्माण के कारण यहां कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।”

ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि विधायक निधि से हुए इस निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए।

See also  आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में विद्यार्थी परिषद (Student Council) का गठन
error: Content is protected !!