संपत्ति के लिए पति को जिंदा जलाने का आरोप, बेटी बोली- मां ने मायके वालों संग रची खौफनाक साजिश

Share the News

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 56 वर्षीय हृदेश तिवारी की कथित तौर पर उनकी तीसरी पत्नी रानू और उसके मायके वालों द्वारा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने के बाद मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे हृदेश तिवारी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की बेटी सोनम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी रानू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रानू फिलहाल मामूली रूप से झुलसी हुई है और जिला अस्पताल में पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की बेटी सोनम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी सगी मां का वर्ष 2023 में निधन हो गया था। इसके बाद अक्टूबर 2024 में उनके पिता हृदेश तिवारी ने रानू नाम की महिला से कोर्ट मैरिज की थी। बताया गया कि रानू की भी यह तीसरी शादी थी। उसके एक पति की पहले मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे पति ने उसे छोड़ दिया था।

सोनम का आरोप है कि शादी के बाद से ही रानू उनके पिता पर लगातार पैसे और संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। इसी दबाव में हृदेश तिवारी ने आधा बिस्वा जमीन का एक प्लॉट उसके नाम करने की सहमति दे दी थी।

रजिस्ट्रेशन वाले दिन हुई वारदात

परिजनों के मुताबिक, जिस दिन प्लॉट का रजिस्ट्रेशन होना था, उसी दिन गुरुवार दोपहर हृदेश तिवारी बाथरूम गए थे। आरोप है कि इसी दौरान रानू और उसके मायके से आए लोगों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।

शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो हृदेश आग की लपटों में घिरे हुए थे। आरोप है कि खुद को बचाने के लिए रानू ने आग बुझाने का दिखावा किया, जिससे वह भी मामूली रूप से झुलस गई।

पुलिस कर रही जांच

सदर कोतवाली के थाना प्रभारी चंद्रकांत ने बताया कि मृतक की बेटी सोनम की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी पत्नी रानू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह, संपत्ति विवाद और अन्य परिस्थितियों की गहन जांच में जुटी हुई है।

See also  महंगा पड़ा बैंक लोन पर जमानतदार बनना, दिवालिया हो गया ये अरबपति कारोबारी, चुकाना पड़ा 24000 करोड़ का कर्ज
error: Content is protected !!