पहाड़ में बायफ्रेंड ने खत्म कर दी 3 बच्चों की मां की जिंदगी आरोपी गिरफ्तार….

 सनसनीखेज हत्याकांड: तीन साल से लिव-इन में रह रही महिला की बेरहमी से हत्या

घर से 600 मीटर दूर मिला महिला का शव, पुलिस ने 24 घंटे में हत्यारोपी प्रेमी को किया गिरफ्तार

शक को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, लकड़ी के डंडे से सिर और शरीर पर किए वार; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति और तीन बच्चों से अलग होकर प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 33 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला की हत्या का आरोप उसी व्यक्ति पर लगा है, जिसके साथ वह पिछले तीन साल से रह रही थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद धारचूला और आसपास के सीमांत क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना धारचूला के खोतिला क्षेत्र की है। मूल रूप से नेपाल के दार्चुला जिले के सुनसेरा की रहने वाली 33 वर्षीय मीना लोहार उर्फ मीनू पिछले लगभग तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। वह खोतिला निवासी 35 वर्षीय देवराज नबियाल के साथ रह रही थी। वहीं, महिला का पति और उसके तीन बच्चे धारचूला के बगीचा क्षेत्र में रहते हैं।

शुक्रवार सुबह करीब 6 बजकर 39 मिनट पर पुलिस को खोतिला जाने वाले पैदल पुल के समीप एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

आरोपी के कमरे में मिले खून के निशान

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया और संदेह के आधार पर महिला के साथ रह रहे देवराज नबियाल के घर पहुंचकर जांच की। वहां कमरे के बेड और फर्श पर खून के निशान मिलने से पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून लगे फर्श के टुकड़े, तकिया, गद्दे के कपड़े सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

जांच अधिकारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक अंबी राम आर्य के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गुरुवार रात महिला और देवराज के बीच शक करने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और लकड़ी के डंडे से उस पर कई वार कर दिए।

हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद महिला अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी। बताया जा रहा है कि वह घर से करीब 600 मीटर दूर खोतिला पुल तक पहुंची, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।

पुलिस की टीम को शुक्रवार रात बड़ी सफलता मिली, जब आरोपी देवराज नबियाल को एसएसबी कैंप के पीछे काली नदी किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या में इस्तेमाल डंडा और खून से सने कपड़े बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा, खून लगी शर्ट, जूते और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन सभी साक्ष्यों को पुलिस ने जांच में शामिल किया है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, महिला की मौत के वास्तविक कारणों और चोटों की प्रकृति का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। एक महिला की इस तरह हुई निर्मम हत्या ने एक बार फिर घरेलू विवाद, आपसी अविश्वास और हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन बच्चों की मां की दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सीमांत क्षेत्र में इस हत्याकांड को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

See also  हल्द्वानी : आयुक्त दीपक रावत ने बेस अस्पताल का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी
error: Content is protected !!