भ्रामक खबर के विरोध में रानीखेत में कांग्रेस का प्रदर्शन, ‘रानीखेत न्यूज़’ पोर्टल और भाजपा का पुतला फूंका

Share the News

रानीखेत। कथित भ्रामक समाचार के विरोध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तथाकथित न्यूज़ पोर्टल “रानीखेत न्यूज़” और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पोर्टल द्वारा प्रकाशित खबर में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और भिकियासैंण में महिला से दुराचार के मामले को जानबूझकर “कांग्रेस नेता” से जोड़कर दिखाया गया, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह खबर पूरी तरह से गलत, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण है। उनका आरोप है कि भाजपा ऐसे दुष्प्रचार करने वाले लोगों को संरक्षण देती है और राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह की खबरों को बढ़ावा दिया जाता है। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीखेत में विरोध प्रदर्शन करते हुए कड़ा आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि एक ओर कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा गैस की किल्लत से इनकार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग से लेकर सिलेंडर मिलने तक कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे आम जनता को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भ्रामक खबरें फैलाने और जनता की समस्याओं की अनदेखी के कारण भाजपा सरकार के प्रति लोगों का भरोसा लगातार कम होता जा रहा है।

अब जनता सरकार की नीतियों और दावों पर सवाल उठाने लगी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता का दायित्व सत्य और निष्पक्ष जानकारी देना है, न कि किसी राजनीतिक दल को बदनाम करने के लिए झूठी खबरें फैलाना। उन्होंने मांग की कि इस तरह की भ्रामक खबरें प्रकाशित करने वाले न्यूज़ पोर्टलों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान कार्यक्रम में यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पडलिया पंत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल देव, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, अगस्त लाल साह, पंकज गुरुरानी, रूद्र प्रताप महारा, विजय तिवारी, दीप उपाध्याय, सोनू सिद्दीकी, हर्षित किरौला, वसीम कुरेशी, पारस, जितन जयाल, प्रमोद पाल और मोहम्मद सिराज सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

See also  हरीश रावत ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स और गोकुल मेहरा को भेजा 40 लाख का मानहानि का नोटिस
error: Content is protected !!