अल्मोड़ा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आज केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई, साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन का भी मूल्यांकन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति और सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं और शिक्षण स्तर बेहतर बनाने को कहा गया।
पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए। कृषि और बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए जनपद में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण के माध्यम से समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा, विधायक मनोज तिवारी, मोहन सिंह मेहरा, प्रमोद नैनवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

