रानीखेत महाविद्यालय में करियर व मानसिक स्वास्थ्य पर प्रेरक व्याख्यान, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के सूत्र

Share the News

रानीखेत। स्वर्गीय  जयदत्त वैला स्व. संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच) रानीखेत से आए विशेषज्ञ अधिकारियों ने करियर विकास, मानसिक स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कर्नल श्रीकुमार एस., सुश्री देविका एस. नायर और मेजर अनमोल कुमारी (नर्सिंग ऑफिसर, एमएच रानीखेत) उपस्थित रहे।

सुश्री देविका एस. नायर ने “मानसिक स्वास्थ्य एवं करियर विकास” विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए करियर में आगे बढ़ने के तरीके बताए। इसके बाद मेजर अनमोल कुमारी ने “लाइफस्टाइल डिजीज एवं उनका नियंत्रण” विषय पर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम के अंत में कर्नल श्रीकुमार एस. ने “एकीकरण, निरंतरता और सफलता” विषय पर प्रेरक विचार रखते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास के जरिए सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. पी.एन. तिवारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के लगभग 45 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में डॉ. प्राची जोशी, डॉ. बी.के. जोशी, डॉ. दीपाली कनवाल, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. अपूर्वा सहित कई प्राध्यापक भी मौजूद रहे। अंत में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपने करियर और स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल चन्द्रा, सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य विभाग द्वारा किया गया।

See also  रानीखेत : सशस्त्र सीमा बल द्वारा रानी झील में चलाया गया सफाई अभियान
error: Content is protected !!