अल्मोड़ा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुणीधार, मानिला (अल्मोड़ा) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सप्त-दिवसीय विशेष शिविर का छठा दिन 28 मार्च 2026 को विविध ज्ञानवर्धक, ऊर्जावान, बौद्धिक सत्रों एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजु निगम के कुशल नेतृत्व में शिविर के षष्ठम दिवस का शुभारंभ प्रातःकालीन योग सत्र से हुआ। इस सत्र में स्वयंसेवियों द्वारा सक्रिय सहभागिता के साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश ग्रहण किया।
इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. रेखा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उनके द्वारा “व्यक्तित्व एवं व्यवहारिक विकास” विषय पर विस्तृत एवं प्रेरणादायी व्याख्यान प्रस्तुत किया। उनके संबोधन ने समस्त स्वयंसेवियों को अपने व्यक्तित्व के समग्र विकास हेतु प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने डॉ. रेखा से उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने संतोषजनक एवं सरल तरीके से समाधान किया।
द्वितीय सत्र में स्वयंसेवियों द्वारा ग्राम कुणीधार के भौरों देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सभी स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
तृतीय सत्र में शिविरार्थियों के मध्य “बेसिक साइंस एवं वनाग्नि” विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
दिन के अंतिम चरण में आयोजित प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रभारी प्राचार्या डॉ. शैफाली सक्सेना द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
इस प्रकार एनएसएस शिविर का छठा दिन ज्ञानवर्धन, व्यक्तित्व विकास तथा सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

