रानीखेत। सरस्वती विद्यालय में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को योग के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पतंजलि कमला रिखारी ने योग के महत्व, ऋषि परंपरा और इसके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर योग सेवा में विशेष योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन पतंजलि जिला संगठन मंत्री विमला रावत ने किया और उन्होंने महिलाओं को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
तहसील प्रभारी सुनीता डाबर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योग समिति के विस्तार की घोषणा की और कहा कि योग कक्षाओं को नियमित रूप से संचालित कर अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने मातृशक्ति के बीच योग को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में नई समिति का गठन भी किया गया। इस दौरान मीना वर्मा, बबीता देवी, ललित बिष्ट, गरिमा साह, माया नैनवाल, शोभा पंत, भारती जलाल, कल्पना जोशी, रंजना खरे सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

