रानीखेत में 15 से 23 सितंबर तक होगा 136वां मां नंदा-सुनंदा महोत्सव, भव्य आयोजन की तैयारियां तेज

Share the News

15 सितंबर को कदली वृक्ष लाकर शुरू होगा मूर्ति निर्माण, 19 सितंबर को होगी प्राण प्रतिष्ठा; लोक नृत्य समेत कई सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

रानीखेत। 136वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव को इस वर्ष भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव के आयोजन को लेकर मां नंदा-सुनंदा सेवा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ ही महोत्सव को भव्यता के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन 15 सितंबर से 23 सितंबर तक किया जाएगा।

बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर को पंचमी के दिन प्रातः नौ बजे विमल भट्ट निवास, माधव कुंज राय स्टेट से कदली वृक्ष लाए जाएंगे। इसके बाद इसी दिन मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के निर्माण का कार्य विधिवत शुरू किया जाएगा।

19 सितंबर को अष्टमी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसी दिन पूर्वाह्न से अंतरविद्यालय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भी शुरू होगा। महोत्सव के दौरान पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं के लिए झोड़ा, छपेली, मेहंदी, ऐपण, चित्रकला, कुमाउनी व्यंजन, मांगल गीत, विवाह गीत, फैंसी ड्रेस और पारंपरिक परिधान सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही बच्चों और महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलकूद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ कुमाऊं की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

23 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा का डोला भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ प्रातः 10 बजे नंदा देवी मंदिर परिसर से रवाना होगा। वहीं स्कूली सांस्कृतिक शोभायात्रा का शुभारंभ श्री शिव मंदिर से किया जाएगा। शोभायात्रा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

बैठक में महोत्सव को बेहतर और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए प्रायोजकों की तलाश करने तथा आर्थिक सहयोग जुटाने के प्रयास करने पर भी सहमति बनी। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से महोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में समिति के संरक्षक मंडल के हरीश लाल साह, किरण लाल साह, मुकेश साह, अनिल वर्मा, भुवन सती और अनिल पांडे ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने भी महोत्सव की तैयारियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।

इस अवसर पर मोहिल साह, पीयूष साह, राजेंद्र पंत, अभिषेक कांडपाल, दीपक पंत, पंकज साह, सौरभ अग्रवाल, ललित मोहन नेगी, गौरव तिवारी, मनीष साह, अमित साह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

See also  सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के सतत प्रयासों से टूटी प्रशासनिक चुप्पी — अब माताओं को नहीं पड़ेगा भटकना
error: Content is protected !!