अल्मोड़ा। पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में सीमित संसाधनों और बढ़ते दायित्वों के बीच निरंतर मानव सेवा में समर्पित चिकित्सकों का वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के नेतृत्व में एक गरिमामय एवं भावविह्वल समारोह में सम्मान किया गया। कार्यक्रम समाज की ओर से उन जीवनरक्षकों के प्रति सामूहिक कृतज्ञता का प्रतीक बना, जो प्रतिदिन असंख्य परिवारों के जीवन में आशा की किरण जगाते हैं।
समारोह में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीश चंद्र गड़कोटी, वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अमित सुकोटी एवं डॉ. धीरज राज, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सम्मल, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश तथा रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मोहित टम्टा को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने खड़े होकर तालियों की गूंज के साथ चिकित्सकों का अभिनंदन किया। पूरा वातावरण गर्व, श्रद्धा और भावनात्मक ऊर्जा से भर उठा।
कार्यक्रम में रामशिला वार्ड के पार्षद नवीन चंद्र आर्य (बबलू भाई), टेलर एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष एस.आर. बेग, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य आनंद सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद चिकित्सालय की टीम जिस निष्ठा, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला चिकित्सालय में आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही है, जिससे मरीजों को कम पीड़ा और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। नाक-कान-गला, अस्थि रोग और रेडियोलॉजी विभाग की उन्नत सेवाओं ने स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा उपलब्ध कराई है। यह उपलब्धि अल्मोड़ा को आत्मनिर्भर स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में मजबूत कदम के रूप में देखी जा रही है।
अपने संबोधन में संजय पाण्डे ने कहा, “जब कोई व्यक्ति जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा होता है, तब डॉक्टर ही उसके लिए ईश्वर का साक्षात रूप बनकर सामने आते हैं। उनका समर्पण मानवता की तपस्या है। समाज उनके इस ऋण को कभी नहीं चुका सकता, पर सम्मान के माध्यम से कृतज्ञता अवश्य व्यक्त कर सकता है।”
उन्होंने भविष्य में भी उत्कृष्ट सेवा देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित करने की घोषणा की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




















