कुमाऊं मण्डल के दो दिवसीय दौरे पर कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत पहुचें रानीखेत।
नवनिर्मित कला संकाय, वाणिज्य संकाय भवन एवं कम्प्यूटर लैब का किया लोकार्पण
रिपोर्ट – बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने दो दिवसीय कुमाऊं दौरे के दौरान रानीखेत पहुंचकर स्व. श्री जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवनिर्मित कला संकाय भवन, वाणिज्य संकाय भवन एवं कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत तथा भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट भी मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान अल्मोड़ा जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक कार्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान गेवाड़ विकास समिति चौखुटिया के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गजेंद्र नेगी तथा जगत सिंह किरोला ने चौखुटिया राजकीय महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर बीएससी तथा स्नातकोत्तर स्तर पर अंग्रेजी और अर्थशास्त्र विषयों की स्वीकृति एवं राजकीय पॉलिटेक्निक की स्थापना को लेकर ज्ञापन सौंपा। वहीं गजेंद्र नेगी ने राजकीय इंटर कॉलेज खीड़ा में भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं भूगोल प्रयोगशालाओं की स्वीकृति पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुष्पेश पाण्डेय, डॉ. पी.एन. तिवारी, डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. प्रासून जोशी, डॉ. प्राची जोशी, डॉ. दीपा पांडे, डॉ. महिराज माहरा, डॉ. पारुल मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं महाविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

