भिकियासैंण क्षेत्र में चोरी की वारदातों से दहशत, द्यौना व हरेला खेत में कई दुकानों-मकानों के ताले टूटे

Share the News

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण से करीब 15 किमी दूर हरेला खेत और ग्राम द्यौना में बीती रात चोरों ने कई दुकानों और बंद मकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने खासतौर पर ऐसे घरों को निशाना बनाया, जहां कोई रह नहीं रहा था। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों को इलाके की पूरी जानकारी थी।

सबसे पहले चोरों ने द्यौना में राजेन्द्र सिंह रावत की दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पास में ही उनका घर होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने एकांत में स्थित कुबेर सिंह की दुकान को निशाना बनाया। दुकान में शटर लगा होने के कारण चोर पीछे की खिड़की की जाली काटने में तो कामयाब रहे, लेकिन भीतर लगे सरियों को काट नहीं सके।

इसके बाद चोरों ने दिल्ली में रह रही मोहनी देवी के बंद मकान के ताले तोड़ दिए। घर से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी जानकारी उनके घर पहुंचने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसी मकान के ऊपर स्थित देवी मंदिर में लगे दानपात्र का ताला तोड़कर चोर करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी ले उड़े।

वारदात को अंजाम देने के बाद चोर हरेला खेत पहुंचे, जहां उन्होंने वीरेंद्र सिंह रावत और गोपाल सिंह रावत की दुकानों के ताले तोड़ दिए। दुकानों से कितनी नकदी और सामान चोरी हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता तुला सिंह तड़ियाल ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र सघन अभियान चलाकर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो जनता के सहयोग से तहसील घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

See also  अल्मोड़ा में ‘देवतुल्य चिकित्सकों’ का ऐतिहासिक सम्मान, विषम हालात में मानव सेवा के लिए किया अभिनंदन
error: Content is protected !!