15 नवंबर को हल्द्वानी में निकलेगी जनजागरूकता रैली, राज्यवासियों से आंदोलन में एकजुट होने की अपील
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क, तिकोनिया में चल रहा अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन लगातार जारी है। 18 अक्टूबर से शुरू हुए इस आंदोलन को अब विभिन्न सामाजिक संगठनों, राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों का समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी भी आंदोलन के समर्थन में अनशन पर बैठे। उन्होंने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को राज्य के अस्तित्व, अस्मिता और पहाड़ी क्षेत्रों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।
अनशन के दौरान पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के इतिहास और वर्तमान परिस्थितियों को देखकर उन्हें गहरा दुख होता है। उत्तराखण्ड देश का ऐसा राज्य है, जिसके निर्माण के लिए लोगों को लंबे संघर्ष से गुजरना पड़ा और 43 आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी। लगभग एक दशक तक चले ऐतिहासिक आंदोलन के बाद उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ था। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य गठन के इतने वर्षों बाद भी स्थायी राजधानी का सवाल अनसुलझा है।
उन्होंने कहा कि आज राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेशवासियों को एक बार फिर उसी एकजुटता और संघर्ष की आवश्यकता है, जिसके बल पर अलग उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ था। राज्य की मूल अवधारणा पहाड़ के अस्तित्व, अस्मिता, संस्कृति और संसाधनों की सुरक्षा को लेकर थी, लेकिन आज भी पर्वतीय क्षेत्रों के सामने पलायन, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास जैसी गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं।
15 नवंबर को हल्द्वानी में निकलेगी जनजागरूकता रैली
आंदोलनकारियों ने बताया कि पिछले 27 दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग हल्द्वानी पहुंचकर गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को समर्थन दे रहे हैं। आंदोलन को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जनता की बढ़ती भागीदारी से यह उम्मीद मजबूत हुई है कि स्थायी राजधानी का संघर्ष एक निर्णायक मुकाम तक पहुंचेगा।
इसी क्रम में आगामी 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से हल्द्वानी शहर में जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से आम जनता को गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग से जोड़ने और राज्य की मूल अवधारणा को लेकर जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने शहरवासियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और राज्य आंदोलनकारियों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।
आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल हुए राज्य आंदोलनकारी
इस दौरान आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रेमा मेर, गोपाल दत्त कुमेड़ी, हरीश रावत, महेश तिवारी, कविता जीना, नीमा भट्ट, अंजू पांडेय, राजेंद्र कांडपाल, आनंद कन्याल, तारा पांडेय, मनोज रावत, देवेंद्र सालाकोट, रजत पाटनी, हिमानी पांडे, ज्योतिष्णा पांडे, कार्तिक दास, विनोद घड़ियाल सहित सैकड़ों आंदोलनकारी मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने एक स्वर में कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
उनका कहना है कि उत्तराखण्ड की स्थापना जिन सपनों और उद्देश्यों को लेकर हुई थी, उन्हें पूरा करने के लिए प्रदेश की जनता को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा।






