सगाई के बाद मंगेतर का कत्ल: दूसरी लड़की के साथ फोटो देख खो बैठी आपा, सो रहे होने वाले पति को सुला दी मौत की नींद
कटनी। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसकी नाबालिग मंगेतर ने ही की थी। मोबाइल फोन में दूसरी युवती की फोटो देखने के बाद हुए विवाद में युवती ने बिजली के तार से गला घोंटकर युवक की हत्या कर दी।
🧍♂️ ससुराल आया था, सुबह मिला शव
जानकारी के अनुसार विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार निवासी 20 वर्षीय सुनील आदिवासी की शादी खम्हरिया गांव की एक युवती से तय हुई थी। शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह बुधवार रात अपने होने वाले ससुराल आया था।
अगली सुबह गांव के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो गले व शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका पुख्ता हो गई।
🔍 पूछताछ में खुला राज
एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया के अनुसार संदेह के आधार पर मृतक की मंगेतर से पूछताछ की गई। शुरुआत में वह बार-बार बयान बदलती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना कबूल कर लिया।
📱 मोबाइल फोटो बना हत्या की वजह
पूछताछ में युवती ने बताया कि रात में उसने सुनील का मोबाइल चेक किया। उसमें किसी दूसरी लड़की के साथ फोटो देखकर वह गुस्से में आ गई। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में उसने घर में रखे बिजली के तार से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
⚖️ नाबालिग आरोपी किशोर न्यायालय में पेश
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती नाबालिग है। उसे अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।




















