अल्मोड़ा जिले से एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक कार के गहरी खाई में गिरने से 11 महीने के मासूम सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा ताकुला मोटर मार्ग पर चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच उस समय हुआ, जब दिल्ली नंबर की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार सभी लोग बागेश्वर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं, जो झिझाड़ गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस दिल्ली लौट रहे थे।
दुर्घटना में 11 महीने के मासूम रेहान की मौके पर ही मौत हो गई। उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे में मंजू देवी (44) और दिनेश राम (50) की भी जान चली गई। अन्य पांच घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर ताकुला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बेस अस्पताल अल्मोड़ा में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।
विवाह समारोह की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




















