महाराष्ट्र में एनर्जी फैक्ट्री धमाके में 15 की मौत, 18 गंभीर रूप से घायल

Share the News

नागपुर में SBL एनर्जी फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 15 मजदूरों की मौत, 18 गंभीर घायल

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में स्थित SBL Energy Limited में शनिवार सुबह हुए भीषण विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह ध्वस्त हो गई।

नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार के अनुसार यह विस्फोट सुबह करीब 7:00 से 7:15 बजे के बीच उस समय हुआ, जब मजदूर सुबह की शिफ्ट में काम कर रहे थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की पूरी इमारत कुछ ही मिनटों में मलबे में तब्दील हो गई और उसका कंपन कई किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों ओर धुएं का घना गुबार फैल गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। यह प्लांट खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले डिटोनेटर और औद्योगिक विस्फोटक बनाने के लिए जाना जाता है।

घायलों को इलाज के लिए ऑरेंज सिटी अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

प्रारंभिक जांच में विस्फोट डिटोनेटर पैकिंग यूनिट में होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

जिला प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि विस्फोट के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही का पता लगाया जा सके।

See also  महाविद्यालय रानीखेत में नशा मुक्ति प्रकोष्ठ द्वारा जन जागरूकता रैली का आयोजन
error: Content is protected !!