ब्लॉगर ज्योति अधिकारी की हरकतों पर फिर पुलिस का शिकंजा
चौपाटी काठगोदाम में अराजकता, धमकी, हमले में ज्योति अधिकारी पर एक और मुकदमा दर्ज पूर्व में भी हैं अलग-अलग जनपदों में अभियोग पंजीकृत, पति समेत कई साथियों में भी हुई FIR
एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी का बोले — पब्लिक प्लेस में गुंडागर्दी, हमला, धमकी कतई बर्दाश्त नहीं
हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र स्थित चौपाटी में हुई अराजकता और धमकी के मामले में पुलिस ने ज्योति अधिकारी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायत के आधार पर थाना काठगोदाम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सुनीता भट्ट ने आरोप लगाया है कि ज्योति अधिकारी अपने पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी और 7–8 अन्य लोगों के साथ चौपाटी काठगोदाम पहुंची।
इस दौरान आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी, उसकी बेटी को उठाने की धमकी दी और हाथापाई भी की।
शिकायत मिलने के बाद काठगोदाम थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न जनपदों में मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, हुड़दंग, हमला और अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चौपाटी जैसे स्थानों पर लोग अपने परिवार के साथ समय बिताने आते हैं, ऐसे में वहां भय और अफरातफरी का माहौल पैदा करना गंभीर अपराध है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

