मानिला में पर्यावरण जागरूकता, नशामुक्ति अभियान और स्वास्थ्य के नाम रहा एनएसएस शिविर का पाँचवां दिन

Share the News

अल्मोड़ा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला (अल्मोड़ा) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर का पाँचवां दिन 27 मार्च 2026 को उत्साह, ऊर्जा और विविध बौद्धिक और क्रियात्मक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजु निगम के नेतृत्व में शिविर के 5वें दिन की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई, जिसमें स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश ग्रहण किया।

इसके पश्चात आयोजित बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में वन विभाग के मानिला वन क्षेत्र के फॉरेस्टर श्री वीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने वनाग्नि की घटनाओं, उनसे बचाव के उपायों तथा वन्यजीवों, विशेषकर बाघ से सुरक्षा के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उनके व्याख्यान ने स्वयंसेवियों को पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने धैर्यपूर्वक समाधान किया।

द्वितीय सत्र में स्वयंसेवियों को रतखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण कराया गया। जहाँ पर चिकित्साधिकारी डॉ. मंजू द्वारा सभी शिविरार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच शामिल रही। साथ ही उन्होंने महिला स्वास्थ्य पर व्याख्यान देकर स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

तृतीय सत्र में स्वयंसेवियों ने ग्रामसभा में नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वयंसेवियों के नारों और संदेशों ने पूरे वातावरण को जागरूकता से भर दिया।

दिन के अंतिम चरण में शिविरार्थियों के बीच मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. प्रियंका एवं श्रीमती प्रियंका बेलवाल द्वारा किया गया। 

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. शैफाली सक्सेना द्वारा शिविर का निरीक्षण कर छात्रों से शिविर की गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि यह शिविर छात्रों के ज्ञान और बौद्धिक क्षमताओं में वृद्धि करने में निश्चित ही सहायक सिद्ध होगा।

इस प्रकार एनएसएस शिविर का पाँचवां दिन ज्ञानवर्धन, स्वास्थ्य जागरूकता, नशामुक्ति अभियान और रचनात्मक गतिविधियों के समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

See also  अल्मोड़ा : द्वाराहाट में तीन दिवसीय इको-टूरिज्म प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
error: Content is protected !!